Jalandhar, April 20, 2023
उत्तर भारत में अगले तीन दिनों तक हल्की बारिश से भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं, वहीं देश के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार को लू का प्रकोप तेज हो गया। इसके चलते पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा को 'राज्य विशेष आपदा' घोषित करना पड़ा। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार सुबह तेज हवाएं चलीं और दिन में हल्की बारिश ने दिल्ली के लोगों को कुछ राहत दी, जो पिछले कई दिनों से गर्मी की लहर जैसी स्थिति का सामना कर रहे थे। आईएमडी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज और ओडिशा के बारीपदा में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते कई दिनों से पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा था. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है।
त्रिपुरा पिछले एक सप्ताह से लू की चपेट में है और बुधवार को राज्य ने लू के कारण 'राज्य विशेष आपदा' घोषित की और लोगों से मौसम की मार से बचने के उपाय करने का आग्रह किया।
2025. All Rights Reserved